गाजीपुर में डीएम ने लगाई ग्राम चौपाल, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंगलवार शाम तहसील सदर की ग्राम पंचायत खालिसपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई इस चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना और विकास कार्यों की समीक्षा करना था।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सचिव, लेखपाल और बीट कॉस्टेबल को अपने-अपने कार्य रजिस्टर के साथ नियमित रूप से उपस्थित रहने और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, पैमाइश, चकरोड अतिक्रमण, खतौनी में नाम दर्ज न होना, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, आवास योजना, पेंशन योजनाओं और मनरेगा कार्यों से जुड़ी प्रमुख समस्याएं रखीं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों का रजिस्टर तैयार करने, अविवादित विरासत मामलों का निस्तारण तेज करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने को भी कहा।
खेल को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने खेल मैदान के विकास, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट निर्माण तथा नेम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। एक वर्ष से खराब हैंडपंप को तत्काल ठीक कराने और ग्राम सभा की अतिक्रमित जमीन को एक माह के भीतर कब्जा मुक्त कराने के आदेश भी दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
