Today Breaking News

गाजीपुर में स्कूल में युवक का शव मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर सड़क जाम किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर स्थित एक स्कूल में बुधवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कासिमाबाद-मोहम्मदाबाद मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी लोकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि और तहसीलदार कौशल चौरसिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान हसनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय बाला लखन्दर राम पुत्र गोविंद राम के रूप में हुई है। वह एक टेंट हाउस में काम करता था।

परिजनों ने बताया कि बाला लखन्दर राम 24 मई, रविवार को दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था। शाम तक उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

बुधवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें गांव के एक व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि रसूलपुर स्थित वर्षों से बंद पड़े डीडीएम पब्लिक स्कूल के एक कमरे में एक युवक का शव पड़ा है। परिजन जब स्कूल पहुंचे, तो शव उनके पुत्र बाला लखन्दर राम का निकला।

इस संबंध में कासिमाबाद कोतवाल राज नारायण ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।