Today Breaking News

गाजीपुर में हमीद सेतु को NHAI जांच में मिली क्लीन चिट, अधिक भार वाले वाहनों पर रोक जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां का ऐतिहासिक हमीद सेतु की संरचनात्मक सुरक्षा जांच गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई।
अत्याधुनिक मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट का उपयोग कर की गई विस्तृत जांच में पुल के सभी 52 बेयरिंग और 25 एक्सपेंशन ज्वाइंट पूरी तरह सुरक्षित और दुरुस्त पाए गए हैं। इस रिपोर्ट के बाद NHAI अधिकारियों ने राहत महसूस की है। तकनीकी परीक्षण में पुल की संरचना सुरक्षित पाए जाने के बावजूद, NHAI ने एहतियातन 20 टन से अधिक भार क्षमता वाले वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध जारी रखा है।

जांच कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से पुल के दोनों ओर बड़े वाहनों का आवागमन डायवर्ट किया गया था। निरीक्षण अवधि में केवल दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया और हल्के वाहनों को ही नियंत्रित तरीके से पुल से गुजरने की अनुमति दी गई थी।

NHAI अधिकारियों के अनुसार, लगभग 1050 मीटर लंबा यह डबल लेन हमीद सेतु कैंटीलीवर सस्पेंडेड तकनीक पर आधारित है। यह पुल 14 पिलरों और 52 बेयरिंग पर टिका है, जिसमें कुल 25 एक्सपेंशन ज्वाइंट लगाए गए हैं। गंगा नदी पर बना यह सेतु पूर्वांचल और बिहार के बीच आवागमन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

हमीद सेतु का निर्माण कार्य वर्ष 1975 में शुरू हुआ था और इसे वर्ष 1985 में आम यातायात के लिए खोला गया। लगभग चार दशक पुराने इस पुल को क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है।

NHAI अधिकारियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच कई बार पुल की बेयरिंग खिसकने की घटनाएं सामने आई थीं। उन घटनाओं के दौरान सुरक्षा कारणों से पुल को अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा था।

NHAI के परियोजना निदेशक अजय सिंह ने जानकारी दी कि सेतु की बेयरिंग, स्पैन और अन्य तकनीकी हिस्सों की गहन जांच पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जांच में सभी बेयरिंग और एक्सपेंशन ज्वाइंट पूरी तरह सुरक्षित पाए गए हैं। अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए, फिलहाल 20 टन भार क्षमता वाले वाहनों को ही पुल से गुजरने की अनुमति है।