Today Breaking News

गाजीपुर में कई इलाकों में पेड़ झूमे, बारिश-ठंडी हवाओं से हीट वेव से राहत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव से लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने लगीं।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम बदलने के बाद पूरे जिले में ठंडक महसूस की गई। पिछले कई दिनों से तेज गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित था। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आती थीं, जबकि अस्पतालों में बुखार, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ रही थी। शुक्रवार सुबह की बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई।

बारिश और तेज हवाओं के बीच कई इलाकों में पेड़ झूमते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद लिया। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों ने मौसम के बदले मिजाज का स्वागत किया। आंधी-तूफान और बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। खासकर जमानिया, सैदपुर और सदर तहसील क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान सुरक्षित और पक्के मकानों में रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।