Today Breaking News

गाजीपुर में 25 हजार वोल्ट OHE पोल पर चढ़ा युवक, बनाई रील, RPF तलाश में जुटी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां स्थित तारीघाट रेलवे स्टेशन यार्ड परिसर में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर 25 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित करने वाले ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) पोल पर चढ़कर रील बनाई। लगभग 22 वर्षीय इस युवक ने मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अचानक अपनी बाइक खड़ी की और प्लेटफॉर्म संख्या-2 की ओर बढ़कर OHE इलेक्ट्रिक पोल पर चढ़ गया। कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मी, यात्री और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन युवक ऊंचाई पर बेखौफ होकर रील बनाने में व्यस्त रहा।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए पोल पर चढ़कर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर 25 हजार वोल्ट प्रवाहित OHE वायर को छूने की धमकी दी, जिससे लोग भयभीत होकर पीछे हट गए। वायरल वीडियो में युवक लगातार स्टंट करता दिखाई दे रहा है।
रील बनाने के बाद युवक खुद ही नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही रेलवे कर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार होने में सफल रहा।

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में हड़कंप मच गया। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आरपीएफ वायरल वीडियो के आधार पर उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी हुई है।

स्टेशन उप प्रबंधक अरुण भूषण प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना से ट्रेन संचालन प्रभावित नहीं हुआ।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक गणेश राणा ने कहा कि रेलवे परिसर में इस प्रकार की हरकत रेलवे एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के जरिए युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और पकड़े जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।