गाजीपुर में प्रेम विवाह कर ससुराल पहुंची लड़की को बाल पकड़कर पटका, सिर पर लात-घूंसे मारे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में प्रेम विवाह के बाद सुसराल पहुंची लड़की के साथ ससुराल वालों ने जमकर मारपीट की। उसके बाल खींचे, बीच सड़क पर गिराकर मारा। सिर पर कई लात मारीं। गला दबाने की भी कोशिश की। लात और घूसों से जमकर पिटाई की।
लड़की ने घर से भागकर अपने प्रेमी से शादी की थी। ससुराल वालों ने इस रिश्ते को मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि वह लड़की को अपने यहां नहीं रखेंगे। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है पति, देवर और ननद ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। मामला बिरनो थाना क्षेत्र का है।
पति और पत्नी दोनों जयरामपुर गांव के हैं। प्रिया विश्वकर्मा के माता-पिता ने उसकी शादी कहीं और तय कर रखी थी। शादी से कुछ दिन पहले ही वह अभिषेक कन्नौजिया के साथ भाग गई थी। आरोप है कि वह घर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी भी साथ ले गई थी।
2025 के नवंबर महीने में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। इस मामले को लेकर लड़की के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। करीब 15 दिन बाद दोनों थाने में पेश हुए। उस समय दोनों बालिग थे और अपने-अपने माता-पिता की बात मानने से इनकार करते हुए साथ रहने की जिद पर अड़ गए।
इसके बाद दोनों एक साथ मुंबई चले गए, जहां पति अभिषेक कन्नौजिया प्राइवेट नौकरी करता था। पत्नी प्रिया भी पति के साथ रहती थी। सोमवार को दोनों मुंबई से वापस लौटे, प्रिया विश्वकर्मा भी ससुराल पहुंची।
वहां घरवालों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया, जिसके बाद प्रिया और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद उसका पति अभिषेक कन्नौजिया भी वहां पहुंच गया और विवाद बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर अभिषेक ने अचानक अपनी पत्नी की पिटाई क्यों शुरू कर दी?
महिला ने कहा- पति ने भी बाल पकड़का खींचा प्रिया ने बताया कि उसकी सास, देवर और ननद समेत अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। उसे बाल पकड़कर घर से बाहर निकाल दिया। पति अभिषेक ने भी सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा और जमकर पीटा। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लड़की ने बिरनो थाने में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।
