Today Breaking News

गाजीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र के औड़िहार गांव स्थित गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे क्रॉसिंग पर एक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन पुलिस को पोस्टमार्टम न कराने का हलफनामा देकर शव अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, सैदपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव निवासी प्रभु नारायण सिंह के 32 वर्षीय पुत्र रितेश सिंह घर लौट रहे थे। औड़िहार गांव के पास बने कट से गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पार करते समय वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से रितेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें तत्काल पास से गुजर रही एक एंबुलेंस की मदद से सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रितेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना सैदपुर कोतवाली को दी। पुलिसकर्मी जब अस्पताल पहुंचे, तो परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा व्यक्त की।

पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रितेश विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी के अलावा 6 वर्ष और 3 वर्ष की दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। वह अपने पिता की सबसे बड़ी संतान थे और घर पर खेती-किसानी का काम देखते थे। उनका छोटा भाई रिशु पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहा है।

सैदपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों ने इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज न कराने की इच्छा जताई है। कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया गया है।