गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में थायरॉयड कैंसर का ऑपरेशन, पूर्वांचल में बनी मिसाल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग ने विश्व थायरॉयड दिवस के अवसर पर एक बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने जटिल थायरॉयड कैंसर से पीड़ित एक मरीज का सफल ऑपरेशन किया। इस सर्जरी को पूर्वांचल क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मरीज लंबे समय से गर्दन में सूजन, दर्द और दबाव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा था। परिजनों ने बताया कि मरीज ने पहले बीएचयू और टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट में भी परामर्श लिया था, लेकिन वहां ऑपरेशन के लिए लंबी प्रतीक्षा अवधि बताई गई थी।
लगातार बढ़ती परेशानी के कारण मरीज ने गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग से संपर्क किया। यहां उसे भर्ती कर विस्तृत जांच की गई और सर्जरी की योजना बनाई गई।
ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश यादव के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने टोटल थायरॉयडेक्टॉमी ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस जटिल सर्जरी में डॉ. सबा जमाल और डॉ. फैज का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की उन्नत चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सकों की दक्षता का प्रमाण है।
