Today Breaking News

गाजीपुर में डीएम ने ईद उल अजहा से पहले किया पैदल गश्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर प्रशासन ईद उल अजहा (बकरीद) को लेकर सक्रिय है। मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ई. राज राजा के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने मुहम्मदाबाद नगर में पैदल गश्त किया। इस दौरान लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई।
यह पैदल गश्त मुहम्मदाबाद कोतवाली परिसर से शुरू होकर नवापुरा मोड़, यूसुफपुर गंज, प्रिंस रोड यूसुफपुर फाटक और बिट्ठल चौराहा होते हुए तहसील गोलंबर पर समाप्त हुआ। इस दौरान यूसुफपुर इलाके में विशेष रूप से लोगों से बातचीत की गई।

डीएम अनुपम शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि लोग शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।

प्रतिबंधित पशुओं के वध के संबंध में डीएम ने बताया कि इसके लिए सेक्टरवार कर्मी नियुक्त किए गए हैं। इसमें पशुपालन विभाग के चिकित्सकों सहित कई विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में न ले, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, जिनका समाधान किया जाएगा।

इस पैदल गश्त में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी और प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सहित बड़ी संख्या में उप निरीक्षक और पुलिस के जवान शामिल रहे।