गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 20 फीट गहरी खाई में पलटा ट्रेलर, रेलिंग तोड़कर गिरा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की शाम करीब 4 बजे बिहार से बालू लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक और खलासी सुरक्षित बच गए।
ट्रेलर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 304 किलोमीटर प्वाइंट से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे लगी करीब 100 मीटर लंबी सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए खाई में पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला।
फिलहाल एक्सप्रेसवे प्रबंधन की ओर से क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को खाई से बाहर निकालने का काम किया जा रहा है, ताकि यातायात सामान्य रखा जा सके। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी बताई जा रही है।
