Today Breaking News

गाजीपुर डीएम ने एडीओ पंचायत का वेतन रोका, विभागीय कार्यों में लापरवाही पाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को करंडा विकासखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यों, योजनाओं की प्रगति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय की व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई तथा आईजीआरएस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास प्लस के संवेक्षण की फीडिंग की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। एडीओ पंचायत करंडा की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई गई, विशेषकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आईजीआरएस निस्तारण और शौचालय निर्माण की प्रगति में कमी पर नाराजगी व्यक्त की गई।

जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत का वेतन रोकने और चार्जशीट जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि जन्म-मृत्यु से संबंधित फाइलें प्रतिदिन उपजिलाधिकारी को प्रेषित की जाएं। मनरेगा सेल में कंप्यूटर ऑपरेटर की लापरवाही पाए जाने पर उसका भी वेतन रोकने का आदेश दिया गया।

जिला पंचायत राज अधिकारी को एक माह के भीतर सभी विकासखंडों में निर्मित शौचालयों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित प्रेरणा कैंटीनों को प्रतिदिन संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए।

विकासखंड के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंडा का भी दौरा किया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसूति कक्ष, लैब, टीकाकरण कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक हेल्थ वर्कर विपिन कुमार यादव अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उनका वेतन रोकते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, पेयजल और शौचालय व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।