गाजीपुर में अर्द्धनग्न हालत में मिला युवक का शव, पहचान करवाने में जुटी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे जसदेवपुर मोड़ के पास मंगलवार की आधी रात एक युवक का शव मिला है। मृतक की उम्र लगभग 21 से 22 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
मृत युवक सांवले रंग का था और उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था, जबकि अन्य कपड़े नहीं थे। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, साथ ही चेहरे, सीने और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
थाना प्रभारी मोरध्वज दुबे ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है, इसलिए उसे मर्चरी हाउस में 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा ताकि पहचान के प्रयास किए जा सकें। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
