गाजीपुर में निर्माणाधीन मकान से 20 बोरी सीमेंट चोरी, 4 गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर पुलिस ने जगदीशपुर में निर्माणाधीन मकान से 20 बोरी सीमेंट चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सीमेंट, एक पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को शुक्रवार देर रात औड़िहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। शनिवार दोपहर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
यह मामला बीते दिनों जगदीशपुर निवासी प्रताप चौरसिया के निर्माणाधीन मकान से सामने आया था। सेंटरिंग हटाने के दौरान सीमेंट की बोरियां चोरी से वाहन पर लादी जा रही थीं, तभी मकान मालिक ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ लिया था। इस दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए थे।
इस घटना के संबंध में सैदपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात एसआई श्वेता कुमारी अपनी टीम के साथ औड़िहार क्षेत्र में चेकिंग कर रही थीं।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सीमेंट लेकर एक पिकअप वाहन सादात की तरफ से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सादात रोड स्थित हाईवे अंडरपास पर घेराबंदी कर पिकअप को रोक लिया। वाहन में सवार आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 6 मई को जगदीशपुर में प्रताप चौरसिया के निर्माणाधीन मकान से सीमेंट चोरी करने और उसे बेचने जाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नफीस शेख पुत्र अहलुल्ला (निवासी बड़ागांव हाजीपुर, सादात), अमित कुमार पुत्र श्यामजी (निवासी नारायणपुर ककरही, सैदपुर), सूर्यांश गौतम पुत्र जितेंद्र (निवासी जगदीशपुर, सैदपुर) और राजमंगल कुमार पुत्र सतीश (निवासी बूढ़नपुर, सैदपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 बोरी एसीसी सीमेंट, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, तीन मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की है।
