Today Breaking News

गाजीपुर में करहिया हाल्ट पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की चेन पुलिंग, रेलवे क्रॉसिंग पर लंबा जाम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करहिया हाल्ट स्टेशन के पास स्थित 84-सी रेलवे फाटक के पास शनिवार की सुबह में कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस को अराजकतत्वों ने चेन पुलिंग कर रोक दिया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पीछे आ रही एक स्पेशल ट्रेन को गहमर स्टेशन पर रोकना पड़ा।

दरअसल, गहमर स्टेशन से थ्रू सिग्नल मिलने के बाद नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान करहिया हाल्ट के पास कुछ लोगों ने चेन पुलिंग कर दी। अचानक ब्रेक लगने से तेज आवाज हुई और ट्रेन बीच ट्रैक पर रुक गई। चेन पुलिंग करने वाले लोग ट्रेन से उतरकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पायलट और लोको पायलट ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच की और समस्या दूर की। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पीछे आ रही एक स्पेशल ट्रेन को गहमर स्टेशन पर रोकना पड़ा।

स्थानीय दैनिक यात्रियों ने आरोप लगाया कि करहिया हाल्ट पर आए दिन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की चेन पुलिंग की जाती है। यात्रियों का कहना है कि बिहार सीमा से सटा होने के कारण यह क्षेत्र शराब तस्करों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। उन्होंने जीआरपी और रेल पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।

वहीं, भदौरा स्टेशन मास्टर राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में सवार कुछ अराजकतत्वों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी थी। हालांकि, इस घटना से अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।