गाजीपुर में पशु के साथ क्रूरता करने वाला आयोपी गिरफ्तार, चार आरोपी फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु क्रूरता और आर्म्स एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गजनफर नगर वार्ड नंबर-1 से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से आठ भैंस के पाड़े बरामद किए, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी।
थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि 6 मई 2026 की शाम पुलिस टीम बैजू पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गजनफर नगर स्थित समीउल्लाह कुरैशी के हाता में कई भैंस के पाड़ों को क्रूरता पूर्वक बांधकर काटने की तैयारी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कई लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने इजहार कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में इजहार कुरैशी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों बाबूलाल कुरैशी, इल्ताफ कुरैशी, मिंटू कुरैशी और समीउल्लाह कुरैशी के साथ मिलकर पशुओं को खरीदने, काटने और बेचने का काम करता है।
मौके पर आठ पाड़ों को रस्सियों से गला और पैर कसकर बांधा गया था। सभी पाड़ों के मुंह से झाग निकल रहा था और वे बुरी तरह हांफ रहे थे। गला कसने के कारण एक पाड़े की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी जीवित पाड़ों को मुक्त कराकर अपने कब्जे में लिया। मृत पाड़े का पोस्टमार्टम और जीवित पशुओं का चिकित्सीय परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभियुक्त इजहार कुरैशी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
