Today Breaking News

गाजीपुर में हिंदी वेब सीरीज ‘परगना 24×7’ की शूटिंग शुरू, राज्यसभा सांसद ने का किया शुभारंभ

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां के भिक्खिचौरा गांव में हिंदी वेब सीरीज “परगना 24×7” की शूटिंग शुक्रवार को शुरू हो गई। राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने दीप प्रज्वलित कर इसका विधिवत शुभारंभ किया।
गांव की गलियों, खेत-खलिहानों और प्राकृतिक ग्रामीण परिवेश के बीच फिल्मांकन किया जा रहा है। शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे, खासकर युवाओं में वेब सीरीज को लेकर उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी मुस्तैद रही। शूटिंग के पहले दिन कलाकारों और तकनीकी टीम ने कई महत्वपूर्ण दृश्यों का फिल्मांकन किया। महिला एवं पुरुष कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। निर्देशक की निगरानी में विभिन्न दृश्यों को बारीकी से फिल्माया गया।

यह वेब सीरीज ग्रामीण परिवेश, सामाजिक सरोकारों, मानवीय रिश्तों और पूर्वांचल की जीवनशैली पर आधारित है। निर्माताओं के अनुसार, “परगना 24×7” के माध्यम से पूर्वांचल की संस्कृति, स्थानीय बोली और गांवों की वास्तविक तस्वीर को राष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिल्म यूनिट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में लगभग 150 कलाकार और तकनीकी सदस्य शामिल हैं। शूटिंग लगभग 20 दिनों तक चलेगी, जिसमें जमानियां क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी दृश्यों का फिल्मांकन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अभिनय तथा तकनीकी क्षेत्र में अवसर मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय स्तर पर वेब सीरीज की शूटिंग शुरू होने से स्थानीय कला, संस्कृति और पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की संभावना बढ़ गई है।

शूटिंग के शुभारंभ अवसर पर डायरेक्टर रवि शंकर जायसवाल, राइटर विमलेश प्रसाद, प्रोड्यूसर एवं मुख्य अभिनेता एस अजय सिंह, बॉलीवुड अभिनेत्री रोशनी रस्तोगी, अभिनेता संजय स्वराज शर्मा, युवा समाजसेवी धन्नजय सिंह उर्फ बाचा, अंशुमान सिंह, पीयूष और अशोक सहित बड़ी संख्या में कलाकार, तकनीकी सदस्य तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।