Today Breaking News

गाजीपुर में यूनियन बैंक ने ₹6500 करोड़ ऋण बांटे, ग्राहक संगोष्ठी में डिजिटल बैंकिंग पर जोर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में शाम 5 बजे ग्राहक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गाजीपुर क्षेत्रीय कार्यालय के डिप्टी रीजनल हेड आशीष मिश्रा मुख्य अतिथि रहे, जबकि शाखा प्रबंधक निशांत कुमार ने इसकी अध्यक्षता की।
डिप्टी रीजनल हेड आशीष मिश्रा ने ग्राहकों को संबोधित करते हुए बताया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने गाजीपुर जनपद में लगभग 6,500 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया है। उन्होंने सोलर प्रोजेक्ट, रूफटॉप सोलर और प्रधानमंत्री अटल सुरक्षा बीमा योजना जैसी विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। मिश्रा ने बताया कि ग्राहक मात्र 400 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 4 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बेरोजगारों, व्यापारियों और किसानों से बैंक की सभी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

शाखा प्रबंधक निशांत कुमार ने खाता खोलने की प्रक्रिया, साइबर सुरक्षा, एटीएम और मोबाइल पिन की गोपनीयता के महत्व और बैंक की अन्य सभी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

गाजीपुर क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक अभिजीत कुमार ने बैंक में चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बंगाल चुनाव के कारण कुछ समय के लिए सभी बैंकों में नकदी की कमी रही थी, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और ग्राहकों को आगे कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का भी अनुरोध किया।