Today Breaking News

गाजीपुर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने लगाई जन-चौपाल, समस्याओं का मौके पर समाधान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया विकासखंड स्थित मंझनपुर कला गांव में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने एक जन-चौपाल का आयोजन किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस चौपाल में जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत को कई विकास योजनाओं की सौगात मिली और जिलाधिकारी ने सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।
गांव में नया पंचायत भवन, बारात घर और अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की घोषणा की गई। मगाई नदी में चेक डैम बनाने और अमृत सरोवर के सुंदरीकरण का भी निर्णय लिया गया।

विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी की स्थापना और मरम्मत कार्य भी कराए जाएंगे। सड़क सुदृढ़ीकरण के तहत चौजा पुल से करंजी हरिहर होते हुए भुडकुंडा तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। चक फातमा उर्फ बैरक गांव में सड़क मरम्मत का कार्य भी होगा। जिलाधिकारी ने सभी जरूरतमंदों को व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान, चौपाल में मोबाइल से वीडियो बना रही महिलाओं को रोकते हुए डीएम ने कहा, "मोबाइल से रिकॉर्डिंग न करें, अपनी समस्याओं को चौपाल में रखें। आपके हक के लिए आपके जिले का जिलाधिकारी खुद आपके सामने बैठा हुआ है।"

उन्होंने अधिकारियों को तत्काल गांव का सर्वे कर सभी बेसहारा, विधवा और दिव्यांग जरूरतमंदों को आवास व शौचालय मुहैया कराने के निर्देश दिए। आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को सीआईएफ (CIF) और अन्य योजनाओं का सीधा लाभ देने की बात भी कही गई। चौपाल में जनता की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। करंजी हरिहर गांव के एक ग्रामीण ने शिकायत की कि पिछले 25 दिनों से 25 KV का ट्रांसफार्मर जला हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने का आदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, पीडी दीनदयाल, वीडिओ सुभाष कुमार, डीपीआरओ रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव, डीडिओ विनय दुबे, और खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।