गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डंपर डिवाइडर से टकराया, बाल-बाल बचा चालक
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बालू लदा डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। यह घटना गुरुवार को माइलस्टोन संख्या 296 पर रायपुर गांव के समीप हुई। हादसे में डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं और वह बाल-बाल बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, डंपर चालक राजमोहन महाराजगंज जिले के फरेंदा का निवासी है। वह बिहार से बालू लादकर महाराजगंज की ओर जा रहा था। रायपुर गांव के पास उसके आगे चल रहे एक अन्य डंपर को बचाने के प्रयास में राजमोहन का वाहन अनियंत्रित हो गया।
तेज रफ्तार के कारण डंपर बीच का डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे के मध्य बनी गहरी नाली में जा धंसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की गश्ती टीम (यूपीडा) मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नाली में फंसे क्षतिग्रस्त डंपर को बाहर निकाला। इस दौरान कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। चालक राजमोहन को मामूली चोटें आईं।
