गाजीपुर में अवैध मांस बेचते एक गिरफ्तार, 25 किलो मांस, तमंचा और कारतूस बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान और मोहर्रम के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में, सैदपुर पुलिस ने अवैध मांस बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बीते शाम हुई। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध मांस, एक मोटरसाइकिल और एक अवैध हथियार बरामद किया है।
सैदपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक वासुदेव प्रसाद अपनी टीम के साथ भितरी क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि मोहसीनपुर पुलिया के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से पशु का मांस बेच रहे हैं। इससे इलाके में दुर्गंध फैल रही थी और बीमारी फैलने की आशंका थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोहसीनपुर पुलिया पर दबिश दी। पुलिस ने एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मौके से एक प्लास्टिक की बोरी में 1-1 किलोग्राम के 25 पैकेट, कुल 25 किलो कटा हुआ मांस बरामद हुआ। आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही हीरो होंडा मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर सीट के नीचे से एक देशी तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी की तलाशी में 600 रुपये नकद भी बरामद हुए।
मांस से उठ रही तेज दुर्गंध और पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, पुलिस टीम ने परीक्षण के लिए 1 किलो मांस का नमूना सुरक्षित कर लिया। शेष मांस को चूना डालकर गड्ढे में सुरक्षित रूप से दफना दिया गया। सैदपुर पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पकड़े गए मांस के नमूने को जांच के लिए भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही की जा रही है।
