गाजीपुर में मालगाड़ी के झटके से युवती की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सादात थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़नपुर में रविवार को एक हादसा हो गया। यहाँ रेल पटरी के पास पहुँची 23 वर्षीय एक युवती की मालगाड़ी के झटके से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतका की पहचान बुढ़नपुर निवासी रविन्द्र राम की 23 वर्षीय पुत्री अंजू कुमारी के रूप में हुई है। पिता रविन्द्र राम ने बताया कि अंजू मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उसका इलाज वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल से कराया जा रहा था।
रविवार को वह अचानक घर से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे लाइन के किनारे चली गई। इसी दौरान वहाँ से गुजर रही एक मालगाड़ी के जोरदार झटके की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता तारा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतका के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई और पुलिसिया झंझट से बचने के लिए स्थानीय पुलिस को घटना की कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने सीधे शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस संबंध में सादात थाना के थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि पुलिस विभाग को इस घटना या दुर्घटना के संबंध में परिजनों अथवा ग्रामीणों की तरफ से कोई लिखित या मौखिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कोई औपचारिक सूचना या शिकायत मिलती है, तो नियमों के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
