गाजीपुर में ब्लॉक प्रमुख पर चेंबर में हमला, पिस्टल से गोली चलाई, 7 नामजद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर खंड विकास कार्यालय में सोमवार शाम ब्लॉक प्रमुख पर हमला किया गया। कुछ लोगों ने उनके चेंबर में घुसकर मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि वे शाम को अपने चेंबर में बैठे थे। तभी सर्वेश यादव नामक व्यक्ति औड़िहार निवासी देवराज सिंह से संबंधित एक फाइल लेकर आया। ब्लॉक प्रमुख ने उस फाइल पर दस्तखत करने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके कुछ देर बाद देवराज सिंह ने उन्हें फोन कर फाइल पर दस्तखत करने को कहा। मना करने पर देवराज सिंह ने फोन पर गाली देते हुए कार्यालय पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी।
धमकी के कुछ ही देर बाद देवराज सिंह अपने पुत्र नितेश सिंह, गोलू सिंह, राजन सिंह, सर्वेश यादव, गोविंद यादव, अमित सहित लगभग 50 अज्ञात लोगों के साथ कई गाड़ियों से ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख को मारना-पीटना शुरू कर दिया।
ब्लॉक प्रमुख के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से पिस्टल से गोली भी चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई और वे बाल-बाल बच गए। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक प्रमुख के दर्जनों समर्थक ब्लॉक परिसर में जमा हो गए। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख अपने समर्थकों के साथ सैदपुर कोतवाली पहुंचे और सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों में घटना को लेकर आक्रोश है।
सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मामले से संबंधित तहरीर प्राप्त हुई है। जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
