गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर डीसीएम ने ट्रेलर को टक्कर मारी, चालक फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर मरदह थाना क्षेत्र के हैदरगंज के पास रविवार को एक डीसीएम ने आगे जा रहे ट्रेलर को टक्कर मार दी। इस हादसे में डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वाराणसी से गोरखपुर की ओर जा रही आम लदी डीसीएम का चालक अनिल वर्मा (निवासी नेवादा, थाना सैदपुर) तेज गति से वाहन चला रहा था और नशे की हालत में था। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डीसीएम लगभग आठ घंटे तक फोरलेन के बीच खड़ा रहा। इससे एक लेन पर आवागमन बाधित हो गया और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। वाहन चालक किसी तरह सड़क किनारे से होकर गुजरते रहे।
इस दौरान न तो स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और न ही फोरलेन के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने में तत्परता दिखाई। लगभग आठ घंटे बाद फोरलेन के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
