गाजीपुर में चोरी मामले में लीपापोती करने वाले चार पुलिसकर्मी निलंबित, चौकी इंचार्ज सस्पेंड
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र में चोरी के एक मामले में लीपापोती और आरोपी को छोड़ने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने देवल चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गहमर कोतवाली क्षेत्र के मनिया गांव में कुछ दिनों पहले एक चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। इस दौरान देवल चौकी इंचार्ज गामा लाल ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया था।
आरोप है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद बिना किसी कानूनी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया गया। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों से की थी। विभागीय जांच में आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने देवल चौकी इंचार्ज गामा लाल, हेड कांस्टेबल सकेन्द्र राय, कांस्टेबल रुस्तम गौतम और रत्नेश कुमार को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है।
इस संबंध में गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि एक प्रकरण को लेकर देवल चौकी इंचार्ज सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
