Today Breaking News

गाजीपुर में गिरोह का सरगना चाकू के साथ गिरफ्तार, तीन अन्य सदस्यों की तलाश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान एक गिरोह के सरगना को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पूछताछ के बाद गैंग के तीन अन्य सदस्यों पर भी प्राथमिकी दर्ज की है और उनकी तलाश जारी है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि चौकी प्रभारी कामाख्या धाम, उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी, हेड कांस्टेबल विनय कुमार राय और कांस्टेबल विमल कुमार के साथ खुदरा गांव में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चाकू के साथ गहमर-नगदीलपुर रेवतीपुर बायपास सड़क पर कामाख्या धाम के पास गंगा नदी के छाड़न पुलिस के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप कुमार (22) पुत्र मन्नू राम, निवासी गांव खुदरा पथरा, थाना गहमर बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर प्रदीप कुमार ने खुलासा किया कि वह सुजीत यादव, विकास यादव (दोनों निवासी गांव खुदरा) और विकास कुमार पुत्र कविन्द्र राम (निवासी गांव बसुका, थाना गहमर) के साथ मिलकर एक गिरोह चलाता है। उसने यह भी बताया कि वे अपने साथ चाकू और अन्य असलहे रखते हैं।

प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए प्रदीप कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।