Today Breaking News

गाजीपुर में घर में घुसकर पिता-पुत्री पर जानलेवा हमला, 6 आरोपियों पर केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दिलदारनगर थाना क्षेत्र के भक्सी गांव में गुरुवार रात दबंगों ने घर में घुसकर पिता और पुत्री पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावर दोनों को घर से घसीटकर सड़क पर ले आए और लाठी तथा लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।

पीड़िता तबस्सुम खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उनके घर पर हमला किया।

आरोप है कि हमलावरों ने उनके पिता मोहम्मद हैदर खान और उन्हें जबरन घर से बाहर निकालकर मुख्य सड़क पर पटक दिया और लाठी-रॉड से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद यूपी 112 पर सूचना देने पर भी आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। हमले में मोहम्मद हैदर खान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही बेहोश हो गए। उनकी हालत बिगड़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सारुख खान उर्फ शेरू, इजहार खान, सोनू खान, सोनी खातून, मुन्नी खातून और गोरी खातून के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।