Today Breaking News

गाजीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति, सास-ससुर गिरफ्तार; देवर-ननद की तलाश जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में विवाहिता के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि देवर और ननद की तलाश जारी है।
बरही गांव निवासी रविंद्र राम ने अपनी बेटी पिंकी की शादी 1 नवंबर 2024 को बिरनो थाना क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी अशोक कुमार से की थी।

रविंद्र राम ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पिंकी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि 23 जून को उन्हें सूचना मिली कि पिंकी की तबीयत खराब है। जब परिजन ससुराल पहुंचे, तो पिंकी मृत अवस्था में मिली। पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी की मारपीट कर हत्या कर दी गई।

बिरनो थाना अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंकी के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। देवर और ननद की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार और ग्रामीणों की सहमति से उसका अंतिम संस्कार दफनाकर किया गया।

पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।