गाजीपुर में मोहर्रम पर जमीनी विवाद, दो गुट भिड़े, तीन घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर थानाक्षेत्र स्थित दरबेपुर गांव में मोहर्रम पर ताजिया दफनाने के दौरान जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्बला में ताजिया दफनाने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक पक्ष से आसिफ, रजा, इमरान, असगर, मिशम और टुन्नू जबकि दूसरे पक्ष से मेहंदी, मंथन, मोहम्मद, दानिश, हरसद और सरदार का नाम सामने आया है।
मारपीट में एक पक्ष के आसिफ और रजा, तथा दूसरे पक्ष के मेहंदी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसओ राजीव पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार अजय वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को शांत कराया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
