Today Breaking News

गाजीपुर में लेखपाल से मारपीट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव स्थित पाल बस्ती में पोखरी से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर पथराव और लेखपाल से मारपीट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
राजस्व विभाग की टीम गुरुवार को पोखरी पर हुए अतिक्रमण को हटाने और लगाए गए पिलरों को उखाड़ने की कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए राजस्व टीम पर पथराव कर दिया। घटना में लेखपाल अनिल प्रजापति ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वाराणसी हाईवे स्थित सहेड़ी कट के पास से मामले में नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र बिंद, मोनू बिंद पुत्र रमेश बिंद, राजू बिंद पुत्र मुसाफिर बिंद तथा उपेंद्र बिंद और जामवंत बिंद पुत्र प्रभुनाथ बिंद, निवासी सहेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

थानाध्यक्ष अतुल मिश्र ने बताया कि लेखपाल से मारपीट और राजस्व टीम पर पथराव के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।