Today Breaking News

गाजीपुर में नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, झांसा देकर फरार हुआ था

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे सिधउत स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास सिंगेरा जाने वाली सर्विस लेन से पकड़ा गया।
प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद राज नारायण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 19 वर्षीय मोनू राम पुत्र मोहित राम के रूप में हुई है। वह सुकहा, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर का निवासी है। उसके खिलाफ कासिमाबाद थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोनू राम ने 15 नवंबर 2025 को एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था। इस संबंध में पीड़िता की मां की तहरीर पर कासिमाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मोनू राम को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मो. अतहर और कांस्टेबल आकाश त्रिपाठी शामिल थे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को जेल भेज दिया।