गाजीपुर में स्कूटी के माइलेज को लेकर विवाद और मारपीट, दो गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर में स्कूटी के कम माइलेज की शिकायत को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें एजेंसी संचालक भी शामिल हैं।
महना गांव निवासी राजकिशोर राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भाभी वासमती देवी ने हुसैनाबाद स्थित एक एजेंसी से स्कूटी खरीदी थी। स्कूटी का माइलेज कम मिलने पर राजकिशोर शनिवार को अपनी भाभी और भाई राजेश राय के साथ एजेंसी पहुंचे थे।
राजकिशोर का आरोप है कि शिकायत करने पर एजेंसी संचालक संतोष कुमार गुप्ता, आनंद कुमार गुप्ता और तीन अज्ञात लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान उनकी भाभी वासमती देवी नहर में गिर गईं और तीनों लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने राजकिशोर की तहरीर के आधार पर संतोष कुमार गुप्ता, आनंद कुमार गुप्ता सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
