गाजीपुर में पुलिस ने बदमाश के पैर में मारी गोली, दो तस्कर गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस और मोटरसाइकिल सवार अंतरराज्यीय असलहा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, 700 रुपए नकद और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। दोनों पर यूपी और बिहार के विभिन्न थानों में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गहमर थाना क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और कामाख्या धाम पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान बारा-रेवतीपुर मार्ग पर ग्राम भटपुरवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी गहमर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का संकेत दिया गया।
पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गहमर पट्टी खेलूराय निवासी सौरभ सिंह (20) के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौके से पुलिस ने उसके साथी मुकेश कुशवाहा (22), निवासी गहमर पट्टी संभल राय, को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 700 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर आयुध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में वाराणसी, गाजीपुर और बिहार के बक्सर जिले सहित कई थानों में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को शातिर अपराधी बताते हुए उनके नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी है।
सीओ जमानिया ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में गोली लगी। दोनों के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। उन पर 11 मुकदमे दर्ज हैं।
