गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर-डंपर की टक्कर, चालक गंभीर घायल, रेफर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 316 चैनल पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़े डंपर में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी गजानन सिंह ने बताया कि डंपर चालक अपना वाहन खड़ा कर कैंटीन पर चाय पीने गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने डंपर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
सूचना मिलने पर बचाव टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
सुरक्षा अधिकारी गजानन सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रेलर चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। घायल चालक की पहचान गोरखपुर के पथरेटा निवासी जय नाथ सिंह पुत्र रामजीत सिंह के रूप में हुई है। वह बिहार बालू लोड करने जा रहा था।
