गाजीपुर में ब्रेजा कार ने ठेला-बाइक को मारी टक्कर, तीन बाइक सवार गंभीर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नोनहरा थाना क्षेत्र के कासिमाबाद गाज़ीपुर मार्ग पर बरार चट्टी के पास एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले एक ठेले को टक्कर मारी, फिर एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ठेला संचालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया, हालांकि उसका ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायल युवकों को शुभाकरपुर लावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान धरवा गांव निवासी 22 वर्षीय मनोहर लाल और उनके दो रिश्तेदार अशोक व सरवन के रूप में हुई है। वे कासिमाबाद से अपने घर लौट रहे थे।
ब्रेजा कार चालक की पहचान सिऊरा बहादुरगंज थाना कासिमाबाद निवासी जावर उर्फ बॉबी खान पुत्र सरफराज खान के रूप में हुई है। वह गाजीपुर की ओर से अपने घर कासिमाबाद जा रहा था।
नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
