Today Breaking News

गाजीपुर जिलाधिकारी ने की जनचौपाल, सुनीं समस्याएं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 30 जून को जखनिया विकास खंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का निरीक्षण किया और महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली।
इसी क्रम में जखनिया ब्लॉक के अलीपुर मदरा गांव में एक जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जनचौपाल में जिलाधिकारी ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जखनिया के खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद, जखनिया तहसील के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह कार्यक्रम शाम छह बजे तक चला।