Today Breaking News

गाजीपुर की अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषिता राय बनीं पुलिस उपनिरीक्षक, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पदोन्नत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर के गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी ऋषिता राय ने खेल जगत के साथ-साथ पुलिस सेवा में भी एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में खेल कोटे से वर्ष 2023 में कांस्टेबल पद पर नियुक्त हुई ऋषिता राय को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के कारण पदोन्नत कर पुलिस उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) बनाया गया है। मंगलवार को लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आई०जी०) डॉ. प्रीतिन्दर सिंह ने उन्हें वर्दी पर डबल स्टार लगाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सैदपुर क्षेत्र के कनेरी स्थित पिपनार गाँव निवासी अरविंद राय डब्लू एवं रेनू राय की पुत्री ऋषिता राय ने एक किसान परिवार से निकलकर अपनी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गाजीपुर गौरवान्वित है।

ऋषिता की खेल यात्रा क्षेत्र के गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी से वर्ष 2017 में प्रारंभ हुई। उन्होंने अपने कोच अमित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो की तकनीकों, अनुशासन और कठिन परिश्रम का अभ्यास किया। कोच ने कठिन परिस्थितियों में भी उनका मनोबल बनाए रखा और उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का विश्वास और निरंतर सहयोग प्रेरणास्रोत रहा है। उनके बड़े भाई ऋषी राय, जो स्वयं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, ने भी ऋषिता को प्रत्येक चरण और अभ्यास में सहयोग प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयाँ दीं। परिवार, गुरु और भाई के संयुक्त सहयोग ने ही ऋषिता की सफलता की मजबूत नींव रखी। ऋषिता राय ने अपने खेल जीवन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।