गाजीपुर पुलिस ने युवक को अवैध तमंचे के साथ पकड़ा, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नोनहरा थाना पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कठवा मोड़ पुल के नीचे, फतेहपुर अटवा गांव के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान रामकरन सिंह उर्फ करन सिंह (24) पुत्र गिरीश सिंह निवासी ग्राम दोथ, पोस्ट सोनाडीह, थाना उभांव, जनपद बलिया के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना नोनहरा में मुकदमा संख्या 224/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
