गाजीपुर में मक्के की फसल से बनी अखिलेश की आकृति, जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने अनूठे ढंग से मनाया जश्न
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अलग-अलग अंदाज में मनाया। इस अवसर पर लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव के नेतृत्व में खालिसपुर बवाड़े गांव के किसानों ने एक अनूठी पहल की।
किसानों ने लगभग 20 बीघा में लगी मक्के की फसल में अखिलेश यादव की विशाल आकृति बनाई। यह आकृति बनाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।
अभिषेक यादव ने बताया कि यह आकृति किसानों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से तैयार की गई है। उन्होंने इसे समाजवादी विचारधारा के प्रति सम्मान और किसानों की एकजुटता का प्रतीक बताया। यादव ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किसानों की आवाज को मजबूत करना और अखिलेश यादव के प्रति समर्थन व्यक्त करना है। कार्यक्रम के दौरान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्चुअल माध्यम से उपस्थित किसानों, कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने किसानों का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी और उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री और जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता, स्थानीय किसान और महिलाएं मौजूद रहे।
