Today Breaking News

गाजीपुर में गौ आश्रय केंद्र पहुंचीं BDO, देखा कीचड़-जलभराव का हाल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद क्षेत्र के परजीपाह स्थित गौ आश्रय केंद्र का बुधवार को खंड विकास अधिकारी निधि ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशुओं की देखभाल, खान-पान और केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बारिश के मौसम में उत्पन्न कीचड़ और जलजमाव की स्थिति पर भी अधिकारियों ने विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने सबसे पहले पशुओं के लिए उपलब्ध पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र परिसर में बारिश के कारण बने कीचड़ और जलभराव को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए।

खंड विकास अधिकारी ने पशुओं को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पशुओं के पोषण और स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार सुनिश्चित करना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि केंद्र में उपलब्ध कराया गया पशु आहार पशु नहीं खा रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित संचालक को तत्काल उक्त पशु आहार वापस लौटाने और उपयुक्त विकल्प उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक पशु बीमार पाया गया। खंड विकास अधिकारी ने मौके पर मौजूद पशु चिकित्सक को तत्काल उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पशुओं के खान-पान, साफ-सफाई और हरे चारे की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. अमित कुमार और सचिव प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।