Today Breaking News

गाजीपुर में लूट-छिनैती के दो आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार नकद और मोबाइल बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया में भूडकुड़ा कोतवाली पुलिस ने लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सोमवार भोर में मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से हुई इस गिरफ्तारी में पुलिस ने लूटा गया मोबाइल और छिनैती के 15,000 रुपये बरामद किए हैं।
कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि 10 जून की शाम कुड़िला पुलिया के पास जाही गांव निवासी आर्यन से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीम सर्वेलांस का सहारा ले रही थी। इसी बीच, सोमवार सुबह करीब पांच बजे उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह और मोहम्मद सैफ को सूचना मिली कि लूट में शामिल संदिग्ध मंझरिया क्रॉसिंग के पास मौजूद हैं।

पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अलीपुर मदरा गांव निवासी मोनू और एक किशोर (नाबालिग) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने कबूल किया कि उन्होंने पूर्व में नंदगंज क्षेत्र में भी छिनैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से उक्त घटना के 15,000 रुपये भी बरामद किए।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी की है। मोनू को जेल भेज दिया गया है, जबकि किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुख्य आरक्षी व आरक्षी भी शामिल रहे।