गाजीपुर में तेज रफ़्तार कार ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, युवक की हालत गंभीर, ड्राइवर हिरासत में
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रौजा ओवरब्रिज पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार कार ने रॉन्ग साइड से आकर एक डिलीवरी बॉय की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने कार चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान गोराबाजार निवासी सोनम जायसवाल (28) पुत्र गोपाल जायसवाल के रूप में हुई है। वह जियो मार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है। सोमवार रात वह स्प्लेंडर बाइक से पॉपकॉर्न की डिलीवरी देने रौजा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रौजा की तरफ से रॉन्ग साइड आ रही ब्रेजा कार (यूपी 61 बीबी 5312) ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सोनम की जांघ की हड्डी टूट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। टक्कर के बाद चालक को छोड़कर तीन अन्य लोग मौके से फरार हो गए। लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद भी चालक कार लेकर भागता रहा और विशेश्वरगंज पुलिस चौकी तक पहुंच गया। इस दौरान उसने रास्ते में कई अन्य लोगों को भी टक्कर मारी, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं और बड़ा हादसा टल गया।
विशेश्वरगंज चौराहे पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि चालक को कोतवाली लाया गया है। उसके नशे में होने के आरोपों की भी जांच कराई जा रही है। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
