गाजीपुर के 31 गांवों से होकर गुजरेगा विंध्य पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, भूमि सर्वे शुरू
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले को जल्द ही तीसरा एक्सप्रेस-वे, विंध्य पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे मिलेगा। यह एक्सप्रेस-वे विंध्य और पूर्वांचल क्षेत्रों को जोड़ेगा। यह सेवराई तहसील के लगभग 31 गांवों से होकर गुजरेगा, जिसके लिए यूपीडा के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है।
प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे प्रयागराज से शुरू होकर मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली होते हुए सोनभद्र तक जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे छत्तीसगढ़ और झारखंड के साथ बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा, जिससे विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ सकेंगे।
इस परियोजना से गाजीपुर में औद्योगिक कॉरिडोर के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। सेवराई तहसील के कुल 31 गांव इस परियोजना से प्रभावित होंगे। प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि यूपीडा द्वारा इन 31 गांवों में भूमि अधिग्रहण की योजना भेजी गई है। इनमें से लगभग 16 गांवों की सूची पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 15 गांवों पर काम जारी है।
अधिग्रहण की जाने वाली जमीनों का अभिलेखीय और स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद संबंधित भूस्वामियों की सहमति के आधार पर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सेवराई तहसील के जिन गांवों से यह विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा, उनमें पृथ्वीपुर, गंगबरार गहमर, गहमर, गाधीपुर उर्फ रामपुर, पाहसरूप, रसूलपुर मु. बारा, खैमापुर, पटखौलिया ता गहमर, हरनाथपुर, मनिहर खुर्द, सुल्तानपुर, मनिहर कलां, उचितपुर
अकबरपुर, केशोपुर, मलिकपुर, सायर, मनियां, रामपुर कनवा, बकसड़ा, सुरहा, मिश्रवलिया, गोड़सरा, अमौरा, उसिया, धनाड़ी, अरंगी, पलियां, चित्रकोनी, चक रुकनुदीन और सरैला शामिल हैं।
