Today Breaking News

गाजीपुर में शादी के दिन आधी रात घर से दुल्हन फरार, केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दिन ही 18 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जमानिया क्षेत्र निवासी बेचु राजभर की बेटी सविता कुमारी (18) की शादी 19 जुलाई 2026 को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार विवाह समारोह की तैयारियों में जुटा था। पिता का आरोप है कि शादी वाले दिन देर रात करीब दो बजे गांव का रहने वाला नितीश राजभर उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया।

सुबह युवती के घर पर नहीं मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में युवती की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परेशान पिता ने जमानिया कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जमानिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी नितीश राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।