गाजीपुर में महिला को 20 साल बाद मिला भूमि पर कब्जा, जनता दर्शन में गुहार के बाद हुई कार्रवाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर में प्रशासन ने 20 साल पुराने एक न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए एक महिला को उसकी भूमि पर कब्जा दिला दिया। बुधवार देर शाम हुई इस कार्रवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाकर जमीन खाली कराई गई।
मटुकपुर निवासी तारा देवी पत्नी रोहित कुमार ने वर्ष 2006 से लंबित न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए हाल ही में जिलाधिकारी के जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र दिया था। उनकी गुहार के बाद जिलाधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर, गाजीपुर के आदेशानुसार राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से भूमि पर बने अवैध निर्माण और बाउंड्री को हटवाया। राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा पारित धारा 116 के आदेश के अनुपालन में की गई है। मौके पर स्पॉट मेमो तैयार किया गया, जिस पर संबंधित पक्षों के हस्ताक्षर भी लिए गए।
लगभग दो दशक से लंबित इस विवाद के निस्तारण के बाद आवेदिका तारा देवी ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। राजस्व निरीक्षक राय ने यह भी बताया कि प्रशासन न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय, लेखपाल प्रदीप कुमार गुप्ता और उपेंद्र शर्मा ने किया।
