Today Breaking News

गाजीपुर में लाइसेंसी असलहे से दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भूडकुड़ा कोतवाली क्षेत्र के झोटना गांव में लाइसेंसी असलहे से दहशत फैलाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी पर पैसे मांगने का भी आरोप है।
यह घटना 3 जुलाई की शाम को हुई थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज सिंह झोटना गांव निवासी प्रशांत मौर्य के घर पहुंचा था। आरोप है कि मनोज ने अपना लाइसेंसी असलहा निकालकर प्रशांत के परिवार को जान से मारने की धमकी दी और उनसे रुपयों की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भूडकुड़ा पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। भूडकुड़ा के पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा ने बताया कि दीप्ति प्रसाद मौर्य की तहरीर पर आरोपी मनोज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

शुभम वर्मा ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया लाइसेंसी असलहा भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस बीच, आरोपी मनोज सिंह के पुत्र राज सिंह ने उच्च अधिकारियों को ऑनलाइन आवेदन भेजकर आरोपों का खंडन किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है।