Today Breaking News

गाजीपुर में बाबा गंगेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में पुजारी के बेटे-पोते पर फावड़े-लाठी से हमला, FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा गंगेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में मंगलवार सुबह एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य देख रहे पुजारी के बेटे मोनू गिरी और उनके चार वर्षीय पोते युवराज पर फावड़े व लाठी-डंडों से हमला किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, डेहमा गांव निवासी मंदिर के पुजारी परमात्मानंद गिरी लखनऊ गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में उनके पुत्र मोनू गिरी मंदिर की व्यवस्थाएं और पूजा-पाठ का कार्य संभाल रहे थे।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मोनू गिरी मंदिर परिसर में लगे नल पर पूजा के बर्तन साफ कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के पास रहने वाला लालजी यादव वहां हाथ-पैर धोने लगा। मोनू गिरी ने उसे यह कहते हुए मना किया कि हाथ-पैर का गंदा पानी पूजा के बर्तनों पर पड़ रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ देर बाद शांत हो गई।

कुछ देर बाद मोनू गिरी अपने चार वर्षीय पुत्र युवराज के साथ मंदिर से अपने गांव डेहमा जाने के लिए निकले। आरोप है कि रास्ते में लालजी यादव, उसके भाई भगवान यादव, पिता कैलाश यादव और बहन गीता ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन पर फावड़े व लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।

इस हमले में मोनू गिरी और उनके चार वर्षीय पुत्र युवराज के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचवर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही करीमुद्दीनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। थानाध्यक्ष राज नारायण ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।