Today Breaking News

गाजीपुर में अराजकतत्वों ने चेन पुलिंग कर रोकी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, यात्रियों में हड़कंप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर में मंगलवार सुबह सियालदह से बनारस जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस को चेन पुलिंग कर रोक दिया गया। करहिया रेलवे स्टेशन पर अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। पायलट और लोको पायलट ने तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया, जिसके बाद 15 मिनट की देरी से ट्रेन को रवाना किया जा सका।
यह घटना दानापुर रेल मंडल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय-बक्सर रेल लाइन पर सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर हुई। करहिया हाल्ट स्टेशन क्रॉसिंग पर कुछ अराजकतत्वों ने गाड़ी संख्या 22587 अप सियालदह-बनारस एक्सप्रेस की चेन खींची। अचानक ब्रेक लगने से तेज आवाज हुई और ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक के बीच किलोमीटर 685/22-23 पर रुक गई। चेन पुलिंग करने वाले अराजकतत्व मौके से फरार हो गए।

चेन पुलिंग के तुरंत बाद पायलट और लोको पायलट मौके पर पहुंचे और तकनीकी समस्या को दूर किया। ट्रेन सुबह 6 बजकर 01 मिनट पर बनारस की ओर रवाना हुई। इस दौरान ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

लगभग 15 मिनट तक क्रॉसिंग पर ट्रेन खड़ी रहने के कारण सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। स्टेशन मास्टर सुनील कुमार ने बताया कि सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस में सवार किसी अज्ञात अराजकतत्व ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी थी।