गाजीपुर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से की वार्ता, स्व-रोजगार के लिए दिए अहम निर्देश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्यों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार की शाम को सैदपुर ब्लॉक में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की।
जिलाधिकारी ने कार्यशाला के दौरान समूह की महिलाओं से उनके स्व-रोजगार के संबंध में व्यक्तिगत रूप से जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए संबंधित बैंक और अन्य अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। डीएम ने 15 अगस्त के लिए स्वयं सहायता समूहों को दिए गए 25,000 झंडे बनाने के लक्ष्य की प्रगति के बारे में भी पूछा।
डीएम ने महिलाओं को सरकारी सहायता से फूल-माला की खेती करने और उन्हें आसपास के प्रमुख मंदिरों पर बेचने के लिए स्टॉल लगाने की सलाह दी। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को परिषदीय विद्यालयों के लिए 10 से 15 प्रतिशत ड्रेस स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से खरीदने हेतु पत्र जारी करने का निर्देश भी दिया।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने नंदगंज स्थित हस्तकरघा कारखानों में इच्छुक महिलाओं को प्रशिक्षित कराने की बात कही। उन्होंने जल जीवन मिशन परियोजना में भी समूह की महिलाओं को ऑपरेटर के रूप में नियुक्त करने के निर्देश दिए।
बैंकों को निर्देश दिया गया कि स्वयं सहायता समूहों के ऋण आवेदनों को 15 दिनों के भीतर स्वीकृत किया जाए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया को व्यापारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार में आसानी से बेचा जा सके।
