गाजीपुर के औड़िहार जंक्शन पर शातिर चोर गिरफ्तार, तार काटते रंगेहाथ पकड़ा गया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. औड़िहार जंक्शन पर आरपीएफ ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। यह चोर डेमू ट्रेन से कीमती तार काटकर बेचने की फिराक में था। उसके पास से चोरी किया गया तार भी बरामद हुआ है।
घटना शनिवार सुबह की है, जब औड़िहार जंक्शन पर खड़ी एक डेमू ट्रेन के बीच से चोर ने कीमती तार काट लिया। तार काटने के बाद वह प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर वाराणसी की ओर बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
सूचना मिलने पर एएसआई राकेश कुमार सिंह, अर्चना उपाध्याय और छोटेलाल सिंह यादव की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चोर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर आरपीएफ थाने ले आई। पूछताछ में चोर ने अपना नाम मोनू कुमार, पुत्र मुसाफिर, निवासी सोनहरिया बताया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
