Today Breaking News

गाजीपुर में दो महीने बाद दंपति में सुलह, पति-पत्नी ने पहनाई एक-दूसरे को माला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां के ढढनी भानमल राय गांव में दो महीने से चल रहा पति-पत्नी का पारिवारिक विवाद शनिवार को मिशन शक्ति टीम की पहल से सुलझ गया। सुहवल थाने में पुलिस की मौजूदगी में हुई काउंसिलिंग के बाद दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। पति-पत्नी ने एक-दूसरे को माला पहनाई और परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर लौट गए।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी कविंद्र कुमार की शादी करीब 10 साल पहले सुनीता से हुई थी। दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था। करीब दो महीने पहले किसी पारिवारिक बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने पति के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।

मामले की जानकारी मिलने पर मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। टीम ने कई दौर की काउंसिलिंग कर पति-पत्नी को आपसी मतभेद दूर कर परिवार को बचाने के लिए समझाया। शनिवार को सुहवल थाने में मिशन शक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय और महिला आरक्षी शाहजहां की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद आपसी सहमति बन गई और दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया।

मिशन शक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय ने बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को काउंसिलिंग के जरिए सुलझाया गया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और पति-पत्नी ने साथ रहने का फैसला किया। मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण हो गया।